देहरादून में हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार के बाद राज्य सरकार ने मंत्रियों के बीच विभागों का नया बंटवारा कर दिया है। पांच नए मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने के बाद जारी सूची में कई अहम विभाग मुख्यमंत्री ने अपने पास ही रखे हैं। पहले से ही बड़ी संख्या में विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री के पास अब भी सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नियुक्ति एवं प्रशिक्षण और सूचना जैसे प्रमुख विभाग रहेंगे, जिन्हें शासन संचालन के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है।
सरकार की ओर से किए गए इस नए आवंटन में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सुबोध उनियाल को सौंपी गई है, जबकि बाकी विभाग नए मंत्रियों के बीच बांटे गए हैं ताकि कामकाज में तेजी लाई जा सके और योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय बेहतर हो।
नए मंत्रियों को दिए गए विभाग इस प्रकार हैं —
खजान दास
समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण, भाषा
भरत सिंह चौधरी
ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम
मदन कौशिक
पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन एवं जनगणना
प्रदीप बत्रा
परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी
राम सिंह कैड़ा
शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन, जलागम प्रबंधन
दरअसल, मंत्रिमंडल में लंबे समय से पांच पद खाली चल रहे थे। इनमें से कुछ पद पहले से रिक्त थे, जबकि एक पद पूर्व मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद और एक पद प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हुआ था। इन विभागों की जिम्मेदारी अब तक मुख्यमंत्री के पास ही थी, जिसे कैबिनेट विस्तार के बाद संबंधित मंत्रियों को सौंप दिया गया है।
नए विभागीय बंटवारे के बाद सरकार को उम्मीद है कि प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और विकास से जुड़े फैसले जल्द जमीन पर दिखाई देंगे।











